फर्रुखाबाद: लेखपाल व सहयोगी पर रिश्वत मांगने और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, सदमे में किसान की मौत, पत्नी ने एसडीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2026 कायमगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम बराबिकू निवासी एक महिला ने उप जिलाधिकारी कायमगंज को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्रीय लेखपाल तनु कटियार एवं उनके सहयोगी फैजाद खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि दोनों ने खेत से कथित अवैध रास्ता निकालने की धमकी देकर ₹70 हजार की रिश्वत मांगी और सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उनके पति का अपमान किया, जिससे सदमे में उनकी मृत्यु हो गई।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, मृतक बृजनंदन लाल पुत्र मंगली प्रसाद, निवासी ग्राम बराबकू, अनुसूचित जाति (जाटव) समुदाय से थे। आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल और उनके सहयोगी कई दिनों से खेत से रास्ता न निकालने के एवज में रुपये की मांग कर रहे थे। 2 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे दोनों गांव पहुंचे और कथित रूप से ₹70 हजार की मांग करते हुए कहा कि यदि अगले दिन तक रकम नहीं दी गई तो खेत से रास्ता निकाल दिया जाएगा।

महिला ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान दोनों ने गांव के लोगों के सामने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि इस अपमान से आहत होकर बृजनंदन लाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और जमीन पर बैठ गए। ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए ले जाने का प्रयास करते, उससे पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद लेखपाल और उनके सहयोगी मौके से चले गए। महिला ने एसडीएम कायमगंज से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

प्रशासनिक पक्ष का इंतजार

फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। समाचार लिखे जाने तक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होती है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Comment