लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया डॉ ख्याति गर्ग ने कांवड़ यात्रा को सकुशल शांतिपूर्ण और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने हेतु सभी प्रभारियों और थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पड़ने वाले कांवड़ मार्गों पर निरंतर पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) सुनिश्चित करें। मार्गों पर पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि भारी वाहनों और कांवड़ियों के बीच कोई टकराव की स्थिति उत्पन्न न हो। किसी भी प्रकार की घटना या विवाद से बचने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। असामाजिक और खुराफाती तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। जिन प्रमुख मंदिरों और घाटों पर जलाभिषेक होना है, वहां महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त ड्यूटी लगाई जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी शिवभक्तों और आम जनता के साथ अत्यंत शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में पीआरवी और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर त्वरित सहायता प्रदान करे। गोष्ठी के अंत में स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति का लगातार जायजा लेते रहें।
लखीमपुर खीरी : डीएम एसपी ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा गोष्ठी का किया आयोजन
