दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर सीएम योगी का पहला बयान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि कुछ लोग युवाओं को बहका रहे हैं. सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार में 9 लाख युवाओं को नौकरी मिली.

श्रावस्ती में एक कार्यक्रम के सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश में अब तक 9 लाख युवाओं को बिना किसी सिफारिश और बिना किसी वसूली के सरकारी नौकरियां दी हैं. आज कुछ लोग युवाओं को बहका रहे हैं.

उन्होंने समाजवादी पार्टी को लेकर भी आरोप लगाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भर्ती प्रक्रिया में ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ और ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा रहता था, पर्ची और खर्ची के आधार पर नियुक्तियां होती थीं, जिस पर कई बार न्यायालय को भी रोक लगानी पड़ती थी. उन्होंने कहा कि अब पारदर्शी व्यवस्था के कारण श्रावस्ती जैसे पिछड़े जिले का युवा भी नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहा है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में न मच्छरों का आतंक है और न ही माफिया का. उन्होंने कहा कि कभी एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट रहा श्रावस्ती आज इंस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट बनकर नई पहचान बना रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई.

Leave a Comment