नई दिल्ली:-जंतर-मंतर के बाहर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम, भारी पुलिस बल तैनात आंसू गैस, वॉटर कैनन और वरिष्ठ IPS अधिकारियों की मौजूदगी से बढ़ाई गई सतर्कता ।

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और जंतर-मंतर से संसद तक निकाले जाने वाले मार्च के मद्देनज़र राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।पुलिस बल दंगा-रोधी उपकरणों, आंसू गैस के गोलों, वॉटर कैनन तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह मुस्तैद है। मौके पर कई वरिष्ठ IPS अधिकारी भी मौजूद हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है तथा आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों द्वारा NEET पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने की योजना बनाई गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि पूरे क्षेत्र की निगरानी CCTV कैमरों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के माध्यम से की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया जा सकता है।पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही प्रदर्शन में शामिल लोगों से भी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का आग्रह किया गया है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन की तैयारियां जारी थीं और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए थीं। मार्च और प्रदर्शन को लेकर प्रशासन तथा आयोजकों की गतिविधियों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Comment