नई दिल्ली:देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई हरी झंडी, जींद–सोनीपत रेलखंड पर होगी संचालित

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2026 भारत ने हरित एवं स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से 10 कोच वाली इस अत्याधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह आधुनिक ट्रेन 1,200 किलोवाट क्षमता की हाइड्रोजन फ्यूल सेल प्रणाली से संचालित होगी। इसकी अधिकतम परिचालन गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। हाइड्रोजन ईंधन से संचालित होने के कारण इस ट्रेन से टेलपाइप के माध्यम से केवल जलवाष्प का उत्सर्जन होगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन देश में स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगा।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा के जींद–सोनीपत रेलखंड पर संचालित होगी। यह परियोजना भारतीय रेलवे के ग्रीन ट्रांसपोर्ट मिशन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक भविष्य के परिवहन का आधार बनेगी। इससे डीजल पर निर्भरता कम होगी, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और भारत स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन प्रणाली की ओर तेजी से अग्रसर होगा।

देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री मोदी के ‘ग्रीन ग्रोथ’ और ‘विकसित भारत’ के विजन को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है। यह उपलब्धि भारत की विकास यात्रा को हरित भविष्य की नई पटरी पर आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Comment