जम्मू-कश्मीर की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि हमारी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के विरोध प्रदर्शन में शामिल होगी. उन्होंने शुक्रवार (17 जुलाई) को कहा कि प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर 20 जुलाई को दिल्ली में नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा आयोजित किये जाने वाले विरोध प्रदर्शन में उनकी पार्टी भी शामिल होगी. कर्रा ने दावा किया कि यह आंदोलन कांग्रेस पार्टी ने ही शुरू किया था.
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीपी) अध्यक्ष कर्रा ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित पार्टी नेतृत्व को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है.
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘राज्य का दर्जा जम्मू-कश्मीर के 1.4 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और संवेदनाओं का प्रतीक है. जो भी व्यक्ति, गैर सरकारी संगठन या राजनीतिक दल इस आंदोलन से जुड़ना चाहता है, उसका स्वागत है.’’ कर्रा कहा कि यह आंदोलन राजनीतिक संबद्धता से ऊपर है.
उन्होंने कहा कि जेकेपीसीसी 20 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले धरने में हिस्सा लेगी, जबकि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की भागीदारी का स्तर पार्टी आला कमान तय करेगा. उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने का आंदोलन मूल रूप से कांग्रेस ने शुरू किया था और उन्होंने इस मुहिम में अन्य दलों के शामिल होने का स्वागत किया.
