यूरोप घूम रहे राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के लिए एक बुरी खबर है। राजद के वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार शाम को उन्होंने इस्तीफा की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अपनी बात पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे माहौल में सम्मान के साथ काम करना संभव नहीं रह गया था मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सौंपा। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके जैसे समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता के लिए अब पार्टी में सम्मानजनक स्थान नहीं बचा है।
मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी बात रखी, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी शिकायतें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तक भी पहुंचाईं, लेकिन वहां से भी कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति लगातार अपमानित होकर राजनीति नहीं कर सकता। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पार्टी के कठिन दौर में भी पूरी निष्ठा के साथ काम किया और हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया।
मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने उन्हें मीडिया प्रभारी और पार्टी प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में पार्टी के भीतर कुछ ऐसे लोग सक्रिय हैं, जिन्होंने संगठन को अंदर से कमजोर कर दिया है। उनके अनुसार, ऐसे लोगों से घिरे होने के कारण पार्टी नेतृत्व तक वास्तविक कार्यकर्ताओं की बात नहीं पहुंच पा रही है।
