सीतापुर:मिश्रिख में बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं का पावर हाउस पर प्रदर्शन, अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख नगर में लगातार बिजली कटौती एवं उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सांसद प्रतिनिधि राजकुमार सोनी के नेतृत्व में मिश्रिख पावर हाउस पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाए।सांसद प्रतिनिधि राजकुमार सोनी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जानबूझकर बिजली कटौती की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लाइनमैन उपभोक्ताओं से बिजली संबंधी कार्य कराने के नाम पर ₹100 से ₹500 तक की अवैध वसूली करते हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस धनराशि का बंटवारा संबंधित अधिकारियों के बीच किया जाता है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पावर हाउस के जेई एवं एसडीओ अधिकांश समय अपने कार्यस्थल पर उपलब्ध नहीं रहते, शाम होते ही चले जाते हैं तथा उनका सीयूजी नंबर अक्सर बंद रहता है या कॉल रिसीव नहीं की जाती। शिकायत पुस्तिका के अवलोकन के दौरान भी कई शिकायतों के निस्तारण में अनियमितता मिलने का दावा किया गया।राजकुमार सोनी ने यह भी आरोप लगाया कि मिश्रिख के एक व्यापारी कन्हैया गुप्ता से मीटर ठीक कराने के नाम पर ₹1 लाख लिए गए, लेकिन आज तक मीटर ठीक नहीं किया गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता पावर हाउस परिसर में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।इस संबंध में बिजली विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Comment