सीतापुर मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख–सिधौली मुख्य मार्ग पर एमडी इंटर कॉलेज के निकट गुरुवार सुबह लगभग 5:30 बजे एक विशाल यूकेलिप्टस (लिप्टिस) का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और कई घंटों तक यातायात ठप रहा। घटना की चपेट में एक बिजली का पोल भी आ गया, जिससे बिजली के तार टूटकर सड़क पर गिर पड़े। गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर या वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम करीब सुबह 9:00 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया, तब जाकर धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।पेड़ गिरने के कारण मिश्रिख रेलवे फाटक से नहर चौराहा तक ट्रक, बस, मोटरसाइकिल और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन से चार घंटे तक लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा, जबकि राहगीरों को भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर पेड़ गिरा है, उसके ठीक बगल से हाल ही में नाले की खुदाई कराई गई थी। आरोप है कि खुदाई के दौरान पेड़ की जड़ों के आसपास की मिट्टी हट गई, लेकिन पेड़ की सुरक्षा के लिए कोई आवश्यक उपाय नहीं किए गए। लोगों का मानना है कि इसी लापरवाही के कारण पेड़ कमजोर होकर सड़क पर गिर गया।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क किनारे स्थित पुराने और जर्जर पेड़ों का सर्वे कर समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
एमडी इंटर कॉलेज के पास यूकेलिप्टस का विशाल पेड़ गिरा, घंटों बाधित रहा मिश्रिख–सिधौली मार्ग; बाल-बाल बची लोगों की जान
