फर्रुखाबाद:भाजपा ने चारों विधानसभाओं में आयोजित किए बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए अहम निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को जनपद की चारों विधानसभाओं—फर्रुखाबाद (सदर), अमृतपुर, भोजपुर और कायमगंज—में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का संदेश दिया। सम्मेलनों में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार, मतदाता संपर्क और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित फर्रुखाबाद एवं अमृतपुर विधानसभा के संयुक्त बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से भी कम समय शेष है, इसलिए प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर बूथ समिति के साथ सुनना सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यक्रम की फोटो सरल ऐप पर अपलोड की जाए। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से सामाजिक समीकरण की जानकारी संगठन तक पहुंचाने, सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संपर्क करने तथा मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि 3 से 5 जुलाई के बीच प्रदेश नेतृत्व द्वारा बूथ अध्यक्षों से सीधे संपर्क कर बूथ की गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।

सम्मेलन में किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बी.के. गंगवार ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा का सत्ता में बने रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें बूथ अध्यक्षों की भूमिका निर्णायक रहेगी।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, पूर्व जिला महामंत्री डी.एस. राठौर सहित अन्य नेताओं ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई ने किया। सम्मेलन में जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, विभिन्न मंडल अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

वहीं भोजपुर विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन जहानगंज स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने नौ वर्षों में सुशासन और विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने तथा योजनाओं से वंचित लोगों को भी जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश की तस्वीर बदलने का कार्य किया है तथा पार्टी विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कायमगंज विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन स्थानीय मीना गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ। यहां जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि बूथ का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होता है और मजबूत बूथ ही चुनावी सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन हैं। उन्होंने कहा कि “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” केवल एक नारा नहीं बल्कि भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार है। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत ने किया। सम्मेलन में विभिन्न मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

चारों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों के माध्यम से भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिया कि संगठन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर तैयारियों को तेज कर चुका है और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, मतदाता संपर्क तथा सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Comment