फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों से कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराएं तथा इसकी लिखित रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
2 से 4 जुलाई तक पांच पालियों में होगी परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) संजीव कुमार ने बताया कि UPTET 2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को कुल पांच पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।
जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 31,560 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 6,312 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक, 19 सह-केंद्र व्यवस्थापक तथा 526 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ओआरएस (ORS) के पैकेट उपलब्ध कराने तथा नगर पालिका को स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल जनरेटर बैकअप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर महिला कार्मिकों की विशेष तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
