भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अमेरिका में ब्राजील के महान फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो से मुलाकात की। यह मुलाकात अमेरिका में खेले जा रहे फीफा विश्व कप 2026 के दौरान हुई, जिसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं। शुभमन गिल ने इस खास मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की, जिसमें वह ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर और 2002 फीफा विश्व कप विजेता रोनाल्डिन्हो के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद क्रिकेट और फुटबॉल प्रशंसकों के बीच यह काफी चर्चा का विषय बन गई।
शुभमन गिल हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आए। भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की और कप्तान के तौर पर यह गिल की पहली वनडे सीरीज जीत रही। गिल ने दो पारियों में 232 रन बनाए, जिसमें 154 रन की शानदार पारी भी शामिल रही। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। इस सीरीज के दौरान गिल ने वनडे क्रिकेट में 3,000 रन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7,000 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया।
दूसरी ओर, ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 46 वर्षीय रोनाल्डिन्हो ने इटली के सीरी-सी क्लब रावेना के साथ करार किया है। हालांकि शुरुआत में क्लब प्रबंधन ने साफ किया था कि उनकी भूमिका केवल मार्केटिंग और प्रमोशनल गतिविधियों तक सीमित रहेगी। लेकिन बाद में क्लब के उपाध्यक्ष अरिएदो ब्राइडा ने उनके मैदान पर उतरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘रोनाल्डिन्हो एक कालजयी खिलाड़ी हैं। उन्होंने रावेना के साथ अनुबंध किया है, जो हमारे क्लब के लिए बड़ी उपलब्धि है। क्या वह खेलेंगे? यह अभी तय नहीं है, लेकिन इसकी संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता।’
