बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता लालू प्रसाद यादव समेत पूरे परिवार की सरकार द्वारा सुरक्षा वापस ले ली गई है. इसको लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. लालू यादव ने इस पर नीतीश कुमार पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ने ही सब कुछ करवाया है. इस बीच लालू यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) प्रमुख तेज प्रताप यादव भी इस फैसले से नाराज नजर आ रहे हैं. तेज प्रताप यादव ने भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सुरक्षा हटवाने का आरोप लगाया है.
तेज प्रताप यादव ने सुरक्षा हटाने के सवाल पर कहा, “दिल्ली में बैठकर नीतीश कुमार कर रहे होंगे. उनका काम क्या है.” पिता के आरोप लगाने के बाद उन्होंने कहा, “जो उन्होंने कहा है तो सच ही होगा. गलत तो नहीं कहेंगे. नीतीश कुमार कर रहे होंगे. खेल रच रहे होंगे, क्योंकि शुरू से वे खेल रचे हैं.” लालू परिवार से बदला लिए जाने के सवाल पर कहा, “बदला लिया जा रहा है या नहीं ये तो नीतीश कुमार ही बताएंगे कि बदला ले रहे हैं या क्या कर रहे हैं.”
तेज प्रताप यादव ने नीतीश कुमार के बेटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार का बेटा तो कुछ नहीं था फिर भी सुरक्षा बढ़ाई गई.” तेज प्रताप यादव ने पूछा कि निशांत कुमार क्या चुनाव लड़े थे? चुनाव लड़ जाते तब न कहते कि हां उनको सुरक्षा मिली है. तेज प्रताप यादव ने कहा, “हम लोग अपनी सुरक्षा वापस कर दिए हैं. अपनी सुरक्षा घर ले जाइए.”
