‘जन नायकन’ के मेकर्स ने उठाया बड़ा कदम! इन लोगों को वापस करेंगे पैसे; सीएम विजय के कहने पर लिया गया फैसला

एक्टर से नेता बने विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ अब भी कानूनी पचड़े में फंसी है। अब इस फिल्म को बनाने वाली कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस ने एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने डिस्ट्रीब्यूटर्स को सभी एडवांस पैसे वापस करने का फैसला किया है। कंपनी इस फिल्म को सर्टिफिकेशन मिलने और कानूनी मामलों के सुलझने के बाद अकेले रिलीज करने की योजना बना रही है। यह कदम फिल्म की रिलीज को लेकर महीनों की अनिश्चितता के बाद उठाया गया है। अभी तक यह साफ नहीं है कि यह कब सिनेमाघरों में आएगी। स्क्रीन से बातचीत में केवीएन प्रोडक्शंस के बिजनेस हेड मोहन सुप्रिथ ने कहा ‘हमारी बातचीत अभी भी चल रही है, लेकिन हमने फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स को पैसे वापस करने का फैसला किया है। हमें लगा कि उन्हें इंतजार करवाना ठीक नहीं है। हम अभी भी फिल्म की रिलीज की संभावित तारीख का इंतजार कर रहे हैं।’ बताया जा रहा है कि यह फैसला विजय के कहने पर लिया गया।

क्या है विवाद: यह घटनाक्रम ‘जन नायकन’ की तय रिलीज तारीख 9 जनवरी के बीत जाने के पांच महीने बाद हुआ है। तब से, फिल्म सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) की रेटिंग को लेकर अनसुलझे विवाद के कारण अटकी हुई है। सीबीएफसी के रीजनल पैनल ने शुरू में UA 16+ सर्टिफिकेट की सिफारिश की थी, लेकिन फाइनल मंजूरी रुक गई थी। तय रिलीज के समय, केवीएन प्रोडक्शंस ने सर्टिफिकेशन प्रोसेस में तेजी लाने के लिए मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

इसके बाद सीबीएफसी ने मद्रास हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच के सामने सिंगल जज के फैसले को चुनौती दी, जिसने 9 जनवरी को, जिस दिन फिल्म रिलीज होनी थी- उस आदेश पर रोक लगा दी। इससे सर्टिफिकेशन प्रोसेस फिर से शुरू से शुरू हो गया। फरवरी 2026 में, प्रोड्यूसर्स ने अपनी रिट याचिका वापस ले ली और सीबीएफसी के स्टैंडर्ड प्रोसेस के जरिए रिव्यू के लिए फिल्म को फिर से जमा किया। हालांकि बाद में रिवाइजिंग कमेटी ने फिल्म देखी, लेकिन सर्टिफिकेट जारी करने में और देरी हुई। अभी भी कोई पक्की रिलीज तारीख नहीं है। इस देरी के कारण डिस्ट्रीब्यूशन चेन में भी भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

Leave a Comment