वैभव सूर्यवंशी से प्रभावित हुए दिग्गज खिलाड़ी: सलामी बल्लेबाज के कायल हुए सचिन, बोले- कमाल की है बैट स्विंग

भारत को वैभव सूर्यवंशी के रूप में एक नया सितारा मिला है। वैभव ने आईपीएल 2026 में अपना दम दिखाया है और वह लगातार विस्फोटक बल्लेबाजी से रोज नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने दमदार बल्लेबाजी की 29 गेंदों पर 97 रन ठोक डाले। 15 साल के वैभव की बल्लेबाजी देखकर हर कोई हैरान रह गया और अब सचिन तेंदुलकर सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इस युवा बल्लेबाज को जमकर सराहा है।

वैभव की पारी देखकर खुद सचिन भी खुद को नहीं रोक सके। सचिन ने इस बल्लेबाज को जमकर सराहा और यहां तक कि वह बैट स्विंग को लेकर काफी प्रभावित हुए। सचिन ने एक्स पर लिखा, वैभव सूर्यवंशी का बल्ले का स्विंग शानदार रहा है। इससे भी अधिक उल्लेखनीय बात यह है कि वे कितनी खूबसूरती से अपने फ्रंट फुट को हटाकर पैरों की ओर आने वाली गेंदों के लिए जगह बनाते हैं। यह स्वतंत्रता उन्हें उस तरह से खेलने की अनुमति देती है जिस तरह से वे खेलते हैं। यह पारी वाकई शानदार थी!

विश्व कप विजेता और भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी सूर्यवंशी को अभूतपूर्व बताया। उन्होंने लिखा, ‘बेबी बॉस ने यूनिवर्स बॉस का रिकॉर्ड तोड़ा। अविश्वसनीय! इस बच्चे को खेलते देखना बहुत अच्छा लगता है।’ पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना ने कहा कि सूर्यवंशी जैसे क्रिकेटर यह भरोसा दिलाते हैं कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है। रैना ने सोशल मीडिया पर लिखा, वैभव सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में जो कमाल किया है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। क्या खिलाड़ी हैं, क्या प्रतिभा के धनी हैं! लोग उन्हें बल्लेबाजी करते देखने के लिए उत्सुक हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

Leave a Comment