आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब सिर्फ क्रिकेट फैंस के बीच ही नहीं, बल्कि दूसरे खेलों की दुनिया में भी लोकप्रिय हो रहे हैं। डब्ल्यूडब्ल्यूई सुपरस्टार ड्रू मैकइंटायर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह जिम में एक्सरसाइज करते नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने इस दौरान वैभव सूर्यवंशी की जर्सी पहन रखी थी। मैकइंटायर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘चोजन वन’ यानी ‘विशेष रूप से चुना गया इंसान’। इसके बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इसे वैभव के बढ़ते स्टारडम का बड़ा संकेत माना।
ड्रू मैकइंटायर की पोस्ट पर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, ‘ओएमजीजीजी… याद नहीं मैंने 2K में कितने फ्यूचर शॉक डीडीटी लगाए हैं।’ रियान का यह कमेंट सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के आधिकारिक अकाउंट ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘निश्चित तौर पर’, यानी वैभव सच में ‘विशेष रूप से चुने गए इंसान’ हैं।
