पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में मिली करारी हार के बाद भी शान मसूद टीम की कप्तानी आगे भी जारी रखना चाहते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के सूत्रों से संकेत मिले हैं कि मसूद टेस्ट टीम की कमान जारी रखने के मूड में हैं। पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी फिलहाल मध्य पूर्व संघर्ष में संघीय गृह मंत्री के रूप में अपनी भूमिका में व्यस्त हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि इसी वजह से पीसीबी प्रमुख के रूप में उन्हें क्रिकेट मामलों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने के लिए बहुत कम समय मिल रहा है।
मसूद के एक करीबी सूत्र ने बताया कि वह कप्तानी आगे जारी रखने चाहते हैं, लेकिन टेस्ट टीम के चयन में कुछ संरचनात्मक परिवर्तन चाहते हैं। माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट में प्रभावी लॉबी का मसूद को समर्थन प्राप्त है और वह मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र तक कप्तान बने रहना चाहते हैं। एक सूत्र ने कहा, शान ने बोर्ड को बताया है कि कोचिंग पदों और टीम प्रबंधन में लगातार बदलाव उनके लिए कप्तान के रूप में और एक मजबूत टेस्ट टीम बनाने के उनके प्रयासों के लिए मददगार साबित नहीं हुए हैं।
एक अन्य विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि कप्तानी को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद और वेस्टइंडीज के टेस्ट दौरे से पहले कप्तानी और मसूद के भविष्य पर निर्णय लेने के लिए एक उच्च स्तरीय बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी।
बांग्लादेश दौरे पर गई पाकिस्तान टीम को दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। ढाका टेस्ट 104 रन से गंवाने के बाद पाकिस्तान सिलहट टेस्ट भी 78 रन से हार गई थी। सिलहट टेस्ट में बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 232 रन पर सिमट गई। पहली पारी में बढ़त लेने के बाद बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और पाकिस्तान को 437 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान 358 रन पर ऑलआउट हो गई और 78 रन से मैच हार गई।
