अखिलेश यादव पर मंत्री ओपी राजभर का तंज

उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है. ओपी राजभर ने कहा कि जब परिवार शोक में डूबा हो, उस समय राजनीति करना उचित नहीं है. इसके ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सुभासपा में आने का ऑफर भी दिया है.

उन्होंने कहा कि “परिवार में एक भाई की मृत्यु हुई है और पूरा परिवार शोकाकुल है, लेकिन अखिलेश यादव ने राजनीति शुरू कर दी.” कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह दी है कि कम से कम तेरहवीं बीत जाने के बाद बयान देना चाहिए था.

मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे को लेकर उठ रहे सवालों पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी है. ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को इस बात की ज्यादा चिंता है कि मंत्रियों को शपथ तो दिला दी गई, लेकिन अभी तक विभाग क्यों नहीं बांटे गए. उन्होंने अखिलेश यादव के लिए कहा कि, “अगर इतनी ही राजनीति का शौक है तो हमारी पार्टी में आ जाइए. हम मुख्यमंत्री जी से लड़कर आपको भी एक विभाग दिलवा देंगे, फिर आप भी मजा लीजिए.”

वहीं, बनारस में मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के कथित 150 गाड़ियों के काफिले को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ समर्थकों और कार्यकर्ताओं की गाड़ियां स्वतः जुड़ जाती हैं, इसे मंत्री का आधिकारिक काफिला कहना गलत है. उन्होंने इस पूरे मामले को “भ्रामक और झूठी खबर” बताया है. मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उक्त बातें रविवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में जनसुनवाई के दौरान कही है.