आईपीएल 2026 (IPL 2026) में आधे से ज्यादा लीग मैच हो चुके हैं, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व दिग्गज कप्तान एमएस धोनी ने एक भी मैच नहीं खेला है. फैंस बेसब्री से माही की वापसी का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इससे पहले धोनी के संन्यास को लेकर चर्चा तेज हो गई है. माही के साथी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने बताया कि माही इस सीजन सिर्फ फेयरवेल मैच के लिए मैदान पर उतर सकते हैं.
अश्विन का मानना है कि इस सीजन धोनी का खेलना मुश्किल है. वह सिर्फ फेयरवेल मैच के लिए ही मैदान पर उतर सकते हैं. इसके साथ पूर्व भारतीय स्पिनर ने बताया कि धोनी को कब फेयरवेल मैच मिल सकता है.
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा, “धोनी के आने से टीम का कॉम्बिनेशन बदलना पड़ेगा. फिलहाल इसकी संभावना कम है. अगर टीम अगले दो या तीन मैच हार जाती है, तो उन्हें फेयरवेल मैच खेलने को मिल सकता है.” अश्विन के कहने का मतलब है कि अगर चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर होती है, तभी धोनी को फेयरवेल मैच मिल सकता है. हालांकि अब देखना दिलचस्प होगा कि धोनी की वापसी कब होती है और फ्रेंचाइजी उन पर क्या फैसला लेती है.
