क्या शादी करने वाले हैं 67 साल के मुकेश खन्ना? प्यार और रिश्ते पर रखी बात

अभिनेता मुकेश खन्ना कई मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। उन्हें ‘शक्तिमान’ में सुपरहीरो का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने प्यार, रिश्तों और शादी पर अपने विचार रखे हैं। हाल ही में 67 साल के इस अभिनेता ने अकेले रहने के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया है कि वह आज भी शादी में इतना गहरा विश्वास क्यों रखते हैं। द फिल्मी चर्चा के साथ बातचीत में मुकेश खन्ना ने बताया कि उन्होंने शादी की संभावना को पूरी तरह से नकारा नहीं है। उनका मानना है कि जब किस्मत चाहेगी तब शादी होगी। रिश्तों के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा, ‘अगर आपकी शादी हो गई है, तो आप कमिटेड हैं। लोग कहते हैं कि एक औरत को ‘पतिव्रता’ होना चाहिए। मगर क्या किसी ने कभी यह कहा है कि एक मर्द को भी ‘पत्नीव्रता’ होना चाहिए? मैं कहता हूं कि दो आत्माओं का मिलन हुआ है। मगर लोग इस बात पर यकीन नहीं करते। वे कहते हैं, ‘मैं अपनी पत्नी से प्यार करता हूं।’ फिर भी वह इधर-उधर भटकते रहते हैं। यह धोखा है।’

अभिनेता ने आगे समझाया कि भले ही उन्होंने कभी शादी नहीं की, लेकिन वह शादी के विचार का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, ‘ज्यादातर लोगों के मुकाबले, मैं शादी में कहीं ज्यादा यकीन रखता हूं। लोगों को लगता है कि अगर आपने शादी नहीं की है, तो आप शादी में यकीन नहीं रखते। लेकिन यह सच नहीं है।’