यह शरीर और दुनिया छोड़ चुका हूं’, दिलजीत दोसांझ बोले- ‘मौत से नहीं डरता’; फैंस की बढ़ी चिंता

एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ हाल ही में जिम्मी फैलन के शो में नजर आने के बाद चर्चा में आ गए। अब कनाडा में हुए उनके हालिया कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस ने इस पर चिंता जताई है। इस वीडियो में दिलजीत ने जिंदगी और मौत पर राय जाहिर की है। इस पर उनके फैंस ने प्रतिक्रिया दी है। दिलजीत दोसांझ का वायरल वीडियो 30 अप्रैल को कैलगरी के स्कॉटियाबैंक सैडल्डोम में हुए उनके शो का है। यह शो उनके ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ का हिस्सा था। परफॉर्मेंस के बीच दिलजीत कुछ देर के लिए रुके और दर्शकों से बात की। कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने दर्शकों से कहा ‘मैं इस दुनिया को पहले ही छोड़ चुका हूं। मुझे मौत का डर नहीं है। पिछले दिसंबर में, मैं इस शरीर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। लेकिन अब इस शरीर को छोड़ने से पहले मुझे कुछ और काम करने हैं। डरने की कोई बात नहीं है। पंजाब है और हमेशा रहेगा। मैं इस दुनिया को पहले ही छोड़ चुका हूं। यही सच है। मैं इस मंच पर खड़ा हूं और यही मेरा भगवान है।’