बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की ‘किंग’ एक बार फिर सुर्खियों में है. पिछले साल ही शाहरुख के 60वें बर्थडे पर फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आया था, जिसे बहुत पसंद किया गया था. हाल ही में फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान हुआ, जो क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है. साथ ही शूटिंग भी तेजी से आगे बढ़ रही है, ताकि फिल्म समय पर पूरी हो सके. इसी बीच शूट से एक फोटो खूब वायरल हो रही है, जिसमें दीपिका और शाहरुख नजर आ रहे है.
सोशल मीडिया पर आई इन तस्वीरों को लेकर बताया जा रहा है कि ये साउथ अफ्रीका के केपटाउन की हैं, जहां फिल्म की शूटिंग चल रही है. इन तस्वीरों में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण को एक रोमांटिक सीन शूट करते हुए देखा गया, जहां वो हाथ पकड़े चलते हुए दिख रहे हैं. सेट पर मौजूद क्रू भी पीछे काम करते नजर आ रहे है. साथ ही अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये किसी गाने का शूट है.
बता दें कि हाल ही में दीपिका और उनके पति रणवीर सिंह ने खुशखबरी शेयर की थी कि वो अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाले हैं. इस खबर के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उन्हें खूब शुभकामनाएं दीं. इसके बावजूद दीपिका अपने प्रोफेशनल कामों में पूरी तरह एक्टिव हैं और लगातार शूटिंग कर रही हैं. हालांकि वो सिर्फ ‘किंग’ ही नहीं, बल्कि अपनी अगली फिल्म ‘राका’ की शूटिंग भी कर रही हैं, जिसमें वो अल्लू अर्जुन के साथ नजर आएंगी.
