भारतीय महिला टीम की बल्लेबाज शेफाली वर्मा आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच बल्लेबाजों में शामिल होने के करीब पहुंच गई हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह शीर्ष 10 में शामिल होने के करीब हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज चल रही है और इस सीरीज के प्रदर्शन के आधार पर दोनों देशों के खिलाड़ियों को रैंकिंग में फायदा हुआ है।
शेफाली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है और वह दो स्थान के सुधार से बल्लेबाजों की रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, स्मृति मंधाना भारत की शीर्ष रैंकिंग की बल्लेबाज बनी हुई हैं, लेकिन उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह चौथे नंबर पर खिसक गई हैं। हरमनप्रीत कौर दो स्थान के सुधार से संयुक्त रूप से 11वें नंबर पर आ गई हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में नाबाद 47 रन बनाए थे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों में कप्तान लॉरा वोलवार्ट ने अपना पांचवां स्थान बरकरार रखा है, जबकि एनेरी डर्कसन 18 स्थान के सुधार से 33वें नंबर पर पहुंच गई हैं। सुने लुस 35वें स्थान पर आ गई हैं। गेंदबाजों में सादिया इकबाल शीर्ष पर काबिज हैं। भारत की स्पिन गेंदबाज श्री चरणी चार पायदान की छलांग के साथ 23वें नंबर पर आ गई हैं।
ऑलराउंडर्स की लिस्ट में अमेली केर टॉप पर काबिज हैं, जबकि ट्रायोन चार पायदान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गई हैं। बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे के बाद वनडे रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। बांग्लादेश की बल्लेबाज शर्मिन अख्तर को 86 रनों की शानदार पारी खेलने का इनाम मिला है, और वह 7 स्थान की छलांग लगाकर 22वें नंबर पर आ गई हैं। सोभना मोस्टरी आठ पायदान ऊपर चढ़कर 50वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, गेंदबाजों में नाहिदा अख्तर (13वें), राबेया खान (20वें) और मारुफा अख्तर (9 पायदान ऊपर चढ़कर 43वें नंबर पर) को भी फायदा पहुंचा है।
