आईपीएल 2026 में खराब दौर से गुजर रही कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए राहत भरी खबर आई है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना आखिरकार टीम से जुड़ गए हैं। फ्रेंचाइजी ने इस बात की पुष्टि की, जिससे टीम को मौजूदा कठिन समय में बड़ा सहारा मिला है। पथिराना टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी पिंडली की चोट से उबरने के बाद टीम में शामिल हुए हैं। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट द्वारा अनिवार्य फिटनेस टेस्ट पास किया और इसके बाद उन्हें नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट मिला। इसके बाद ही वह KKR के स्क्वॉड से जुड़ सके। हालांकि, पथिराना के तुरंत प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना कम है। टीम मैनेजमेंट पहले उनकी मैच फिटनेस को परखना चाहता है। इसके लिए उन्हें कुछ ट्रेनिंग सेशन दिए जाएंगे, जिसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। केकेआर ने पिछले आईपीएल ऑक्शन में पथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनकी अनोखी ‘स्लिंग एक्शन’ गेंदबाजी और डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालने की क्षमता उन्हें बेहद खास बनाती है। ऐसे में टीम को उनसे काफी उम्मीदें हैं, खासकर जब गेंदबाजी यूनिट दबाव में नजर आ रही है।
केकेआर का इस सीजन अब तक प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम छह मैच खेल चुकी है, लेकिन अभी तक एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे बनी हुई है। ऐसे में पथिराना का आना टीम के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
पथिराना ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम को जॉइन किया है। फैंस को उम्मीद है कि उनकी मौजूदगी से टीम का प्रदर्शन बेहतर होगा और केकेआर जीत का खाता खोल सकेगी।
