चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद विजय का खुलासा, बड़ी साजिश का जिक्र किया; बोले- ‘मुझे भी न्याय चाहिए’

दक्षिण भारतीय अभिनेता विजय और फिल्मी दुनिया छोड़कर राजनीति में उतर आए हैं। गुरुवार को इस अभिनेता और टीवीके पार्टी प्रमुख ने त्रिची से तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन भरा है। नामांकन के बाद उन्होंने समर्थकों से बात करते हुए अपने खिलाफ हो रही, साजिश के बारे में भी बताया है। जानिए, क्या बोले विजय?

विजय ने नामांकन दाखिल करने के बाद अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे आपको यह बताने की जरूरत नहीं है कि कैसे सभी पार्टियां आपके विजय का विरोध करने के लिए एक साथ आ गई हैं। जैसा कि कई लोगों ने कहा कि करूर घटना के पीछे साजिश थी। इसी तरह मेरी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ रिलीज नहीं हो पाई। लेकिन इससे मेरा और आपका रिश्ता मजबूत बना है। मैं पूछता हूं कि क्या होगा अगर वह फिल्म, चुनावों में एक शक्तिशाली हथियार बन जाए?’

एक्टर और टीवीके ने करूर में एक जनसभा की थी, जिसमें भगदड़ हुई और चालीस लोगों की जान चली गई। इस बात को अब वह साजिश बता रहे हैं। वहीं विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ है, यह भी रिलीज के लिए तरस रही है। कई महीनों तक फिल्म से जुड़ा मामला कोर्ट में रहने के बाद सेंसर बोर्ड की रिव्यू कमेटी के पाले में हैं। लेकिन अब तक इस फिल्म का रिलीज करने की अनुमति नहीं मिली है। फिल्म में हो रही देरी को भी विजय ने एक साजिश ही बताया है।