क्या आईपीएल 2026 के बाद रिटायर हो रहे महेंद्र सिंह धोनी

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. कई जानकारों का मानना है कि पूर्व भारतीय और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ये आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है. इस टूर्नामेंट के शुरू होने पहले धोनी ने अपने फैंस को भावुक कर दिया है. दरअसल, आईपीएल 2026 से पहले धोनी पहली बार चेपॉक स्टेडियम में फैंस के सामने आएं. धोनी ने जैसे ही एंट्री ली फैंस से खचा खच भरे स्टेडियम में तो हर तरफ ‘थाला थाला’ की गूंज सुनाई देने लगी और कुछ तो ऐसे भी फैंस नजर आएं, जो धोनी को देखकर भावुक हो गए.

चेन्नई सुपर किंग्स के ‘Roar26’ इवेंट के लिए फैंस स्टेडियम में आएं थे. इस इवेंट में फ्रेंचाइजी के कुछ रिटायर्ड दिग्गज जैसे सुरेश रैना और डीजे ब्रावो समेत अन्य खिलाड़ियों भी चेपॉक स्टेडियम में मौजूदा टीम के साथ नजर आए. सीएसके के कुछ खिलाड़ियों ने मैदान पर ट्रेनिंग की और फिर मजेदार क्रिकेट सेशन जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया. इसके बाद, जब सीएसके के साथ जुड़े नए खिलाड़ी संजू सैमसन मैदान में आए, तब भी जोरदार तालियों और चीयर्स की आवाज सुनाई दी.

महेंद्र सिंह धोनी 44 साल के उम्र में आईपीएल का अपना 19वां सीजन खेलने जा रहे हैं. भले ही धोनी अपने आईपीएल करियर के अंतिम पड़ाव पर है, लेकिन सीएसके के लिए आज भी वो उतने ही जरूरी हैं, जितना पहले थे. हर साल की तरह इस बार भी सवाल उठ रहे हैं कि धोनी कितने समय तक सीमित बल्लेबाजी भूमिका में इस लीग में खेलते रहेंगे. चेन्नई के लिए खेल चुके पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का मानना है कि इस बार धोनी आईपीएल करियर को अलविदा कह सकते हैं.

रॉबिन उथप्पा ने धोनी के संन्यास को लेकर कहा, ‘आईपीएल 2026 शायद उनका पीली जर्सी में ये आखिरी साल हो सकता है. मुझे लगता है कि इस साल वे मेंटर-कम-प्लेयर की भूमिका निभाएंगे, मुझे नहीं लगता कि वे नंबर सात पर बल्लेबाजी करेंगे. मुझे लगता है कि वे नंबर आठ पर बल्लेबाजी करेंगे. धोनी जानते हैं कि वे धीरे-धीरे बाहर हो रहे हैं, इसलिए खुद को टीम से अलग करना चाहते हैं. मुझे लगता है कि वे ऐसा करेंगे. तभी हम रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी की असली क्षमता देख पाएंगे. उसे कुछ साल दें. अगर वे काम नहीं करता, तो टीम में संजू सैमसन है, जो कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं.’