सम्यक पार्टी ने प्रतिवर्ष पूरे भारत में कुछ विशेष आयोजन करने का निर्णय लिया है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, समरसता, नैतिकता, समता और समानता के संदेश को फैलाना तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) प्रोफेसर राम सिंह ने मीडिया को बताया कि पार्टी हर साल सम्राट अशोक महान की जयंती भारत लोकहित महोत्सव के नाम से मनाएगी। सम्राट अशोक महान की जयंती इस साल 25-26 मार्च को है| सम्राट अशोक ने विविधतापूर्ण भारत में सबके मिलजुलकर रहने की नीति और संस्कृति तैयार की| सम्राट अशोक महान ने मनुष्यों के लिए अस्पताल, पशुओं के लिए अस्पताल, सड़कें, कुएं, छायादार वृक्ष, धर्मशालाएं और विश्रामगृह बनवाए| नैतिकता, करुणा और सत्य का सन्देश दिया| प्रजा को पुत्रवत मानकर उसका कल्याण किया, जिससे विश्व इतिहास में उनका शासन कल्याणकारी राज्य का आदर्श बना| उनके शासनकाल में विश्व की जी.डी.पी. में भारत का हिस्सा 35% था।
पार्टी हर साल 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती भारत पुनर्जागरण महोत्सव के नाम से मनाएगी। महात्मा ज्योतिबा फुले ने बालिका विद्यालय और रात्रि विद्यालयों की स्थापना की। उन्होंने जातिवाद, छुआछूत, स्त्री-शोषण, विधवा विवाह, बाल विवाह और किसानों के शोषण का विरोध किया।
सम्यक पार्टी हर साल 14 अप्रैल को बाबासाहब भीमराव अंबेडकर की जयंती को भारत समता महोत्सव के नाम से मनाएगी। बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर ने भारतीय रिजर्व बैंक और हिन्दू कोड बिल की भूमिका तैयार की| भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार रहे, जिसमें छुआछूत की समाप्ति, आरक्षण, समता और समानता के उपाय किए| महिलाओं, श्रमिकों और दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष आजीवन किया।
पार्टी हर साल सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की जयंती को अखंड भारत महोत्सव के नाम से मनाएगी। सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य ने अखण्ड भारत का निर्माण किया| उन्होंने लगभग 53 साल की उम्र में अपने लगभग 27 साल के युवा पुत्र को शासन सौंपकर सन्यास ले लिया। यह एक आदर्श है, जिससे आज के राजनेता सीख ले सकते हैं|
प्रोफेसर राम सिंह ने सम्यक पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों का आयोजन करें। इन आयोजनों में महापुरुषों द्वारा समाज और राष्ट्र के निर्माण, एकता और समरसता हेतु किए गए सकारात्मक कार्यों पर विचार-विमर्श करें| सम्यक पार्टी इन आयोजनों के माध्यम से महान व्यक्तित्वों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और लोकहित के कार्यों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।
