केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं और कुछ नए चेहरों को मैदान में उतारा है। सनी जोसेफ, वी.डी. सतीशन, चांडी ओमन, रमेश चेन्निथला, रम्या हरिदास और के. मुरलीधरन जैसे नेताओं को टिकट मिला है।
कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि उम्मीदवारों का चयन स्थानीय समीकरण, संगठन की ताकत और जीत की संभावना को ध्यान में रखकर किया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि इन उम्मीदवारों के साथ वह केरल में मजबूत चुनावी लड़ाई लड़ेगी।
उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद अब बाकी सीटों के लिए भी जल्द ही नामों की घोषणा होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सूची के साथ केरल में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है और आने वाले दिनों में अन्य दल भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे।
बता दें की केरल में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। चुनाव की अधिसूचना 16 मार्च 2026 को जारी होगी और उम्मीदवार 23 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि 26 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। राज्य में 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी। चुनाव आयोग के अनुसार इस बार केरल में करीब 2.70 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
