लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मार्च 2026 योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों से लोगों को बचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर एलपीजी की कृत्रिम कमी उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई वितरक एजेंसी या निजी व्यक्ति कालाबाजारी या जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर एलपीजी वितरक केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था या अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देशित किया कि एक कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रदेश के प्रत्येक जिले में एलपीजी की उपलब्धता की सतत निगरानी की जाए। साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी और ऑयल कंपनियों के स्थानीय प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए उपभोक्ताओं तक गैस की समुचित और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को एलपीजी की आपूर्ति में परेशानी का सामना न करना पड़े और अफवाहों के कारण अनावश्यक संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
