मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में 140 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है और दो माह के भीतर इन स्कूलों में शिक्षक नियुक्त कर दिए जाएंगे। इन स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अलग ड्रेस कोड भी तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में जल्द ही 400 लेक्चरर और 400 असिस्टेंट लेक्चरर के पद भरे जाएंगे। उन्होंने साइंस कॉलेज हमीरपुर के लिए 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन के 29वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में कैंसर अस्पताल के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक भी स्थापित किया जाएगा और 100 करोड़ रुपये की लागत से मदर एंड चाइल्ड अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नादौन कॉलेज में आने वाले समय में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। अगले शैक्षणिक सत्र से यहां भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान के साथ एमसीए और एमबीए कोर्स भी प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पांच लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
हिमाचल : सीएम सुक्खू बोले- दो महीने में सीबीएसई स्कूलों में उपलब्ध होंगे सभी अध्यापक, ड्रेस कोड तय होगा
