सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ऐसी हो कि फिर से कोई दूसरा छांगुर न पनपे। जिले में दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तेवर में नजर आए। उन्होंने मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और पंडित अटल विहारी वाजपेई मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा किया। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही तल्ख शब्दों में कहाकि दूसरा छांगुर किसी कीमत पर न पनपने पाए। इसके लिए कड़ी निगरानी करें और प्रभावी कदम उठाएं। इसी के साथ जोड़ा की कानून से बढ़कर कोई नहीं है, माफियाओं पर नकेल कसे रखें।
जिले में हिंदु युवतियों के धर्मांतरण और राष्ट्रविराेधी गतिविधियों के सरगना जमालुद्दीन उर्फ छांगुर की गहरी पैठ होने की टीस मुख्यमंत्री की उभरकर सामने आई। उन्होंने साफ कहाकि ऐसी स्थिति पर गहरी नजर रखी जाए। अवैध कार्य पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। जिससे फिर कभी कोई छांगुर सिर न उठा सके। जिले में दुष्कर्म के मामलों के बढ़ने पर कड़ी चेतावनी दी। कहाकि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संगठित प्रयास हों। किसी तरह के असामाजिक तत्वों पर फौरी कार्रवाई हो।
