केशव प्रसाद मौर्य को नया हेलीकॉप्टर’ अखिलेश यादव ने पीसी में क्या-क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मायावती, नीतीश कुमार से लेकर केशव प्रसाद मौर्य तक के मुद्दे पर चर्चा की। अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर निशाना साधा। यूपी से लेकर दिल्ली तक की राजनीति उनके निशाने पर रही। महंगाई, कानून-व्यवस्था, चुनाव आयोग, विदेश नीति, सांप्रदायिक राजनीति से लेकर भाजपा के अंदरूनी मसलों पर अखिलेश खूब बरसे। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती को लेकर भी टिप्पणी की। अखिलेश ने कहा कि हम तो उन्हें गठबंधन के दौरान प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। इसके अलावा शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।

अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने पर सवाल किया कि मुख्यमंत्री बड़ा या राज्यसभा सदस्य। इस संबंध में हमें विचार करना चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी-बसपा का गठबंधन था तो हम मायावती को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। इंडिया गठबंधन के समय में हम सब मिलकर नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। हमारे चाचा भी इस बात को जानते हैं। उन्होंने कहा कि हमने बिहार चुनाव के दौरान कहा था, ये प्रधानमंत्री के तौर पर रिटायर नहीं होंगे। ये मुख्यमंत्री के तौर पर ही रिटायर होंगे।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में धुआं भरने के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बड़ी बात कही। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें नया वाला हेलीकॉप्टर नहीं मिला होगा। हालांकि, गंभीर लहजे में अखिलेश यादव ने कहा कि हम कामना करते हैं, वे स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर एक मशीन है। हम सबलोग इस मशीन में उड़ते हैं। किस के साथ भी इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। मशीन को अच्छा रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो नया हेलीकॉप्टर आया है, वह उन्हें मिलना चाहिए।

Leave a Comment