नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मार्च 2026 देश के कई राज्यों में राज्यपालों और उपराज्यपालों के पदों पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस क्रम में कई राज्यों के राज्यपालों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ राज्यों में नए राज्यपालों और उपराज्यपालों की नियुक्ति की गई है।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को फिलहाल तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का नया राज्यपाल बनाया गया है, जबकि तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
नागालैंड के नए राज्यपाल के रूप में नंद किशोर यादव की नियुक्ति की गई है। वहीं बिहार के नए राज्यपाल के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं भारत के पूर्व राजनयिक तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है।
इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को केंद्र सरकार की बड़ी नियुक्तियों में से एक माना जा रहा है, जिसके तहत कई राज्यों में नए नेतृत्व को जिम्मेदारी दी गई है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी और सुचारू बनाना बताया जा रहा है।
