रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई. अब टीम इंडिया को फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ना है. मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन बनाए थे, मगर जैकब बैथेल की 105 रनों की शतकीय पारी के बावजूद इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई. इस हार के बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि उन्हें सेमीफाइनल हारने का कोई दुख नहीं है.
कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि सेमीफाइनल में हारने पर वो निराश जरूर हैं, लेकिन उन्हें अपनी टीम पर गर्व है. उन्होंने कहा कि बतौर कप्तान वो इससे बेहतर की उम्मीद नहीं कर सकते थे. ब्रूक ने कहा कि इंग्लैंड के लिए पूरा टूर्नामेंट बढ़िया साबित हुआ, लेकिन आज किस्मत ने साथ नहीं दिया. ब्रूक ने टीम पर गर्व करते हुए कहा कि सबने अपनी-अपनी भूमिका को अच्छे ढंग से निभाया. दुर्भाग्यवश सेमीफाइनल की चुनौती को पार नहीं कर पाए.
