वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पहले प्लान था कि फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग सिर्फ 120 दिनों में पूरी हो जाएगी। लेकिन अब तक 175 दिन हो चुके हैं और अभी भी काम बाकी है। तीन बड़े गाने और एक महत्वपूर्ण सीन अभी बाकी हैं। इसके लिए और कम से कम 50 दिन लगेंगे। संजय लीला भंसाली हर फ्रेम को बहुत बारीकी से बनाते हैं और भव्यता में कोई कसर नहीं छोड़ते। यही उनकी खासियत है, लेकिन इसी वजह से देरी भी हो रही है। खासकर युद्ध के सीन बहुत बड़े और मुश्किल हैं, इसलिए समय ज्यादा लग रहा है।
शुरुआत में फिल्म का बजट 350 करोड़ रुपये था। अब यह बढ़कर लगभग 425 करोड़ रुपये हो गया है। जानकारी के अनुसार यह रकम सिर्फ प्रोडक्शन की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर, विक्की और आलिया ने पहले पैसे लेने की बजाय फिल्म के प्रॉफिट में हिस्सा लेने का फैसला किया है। यानी उनकी कमाई फिल्म की कमाई पर निर्भर करेगी।
फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग अभी भी पूरी नहीं हुई है। रिलीज की तारीख 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में बताई जा रही है। यह फिल्म लव ट्रायंगल पर आधारित हो सकती है। तो वहीं कुछ लोग इसे पुरानी फिल्म ‘संगम’ से जोड़ रहे हैं, लेकिन भंसाली ने इससे इनकार किया है। फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट नजर आएंगे। यह एक रोमांटिक पीरियड ड्रामा फिल्म है, जिसमें युद्ध के समय की प्रेम कहानी दिखाई जाएगी।
