टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बीते रविवार (15 फरवरी) श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया. मैच में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 61 रनों से एकतरफा जीत हासिल की. 2025 एशिया कप से चले आ रहे रीति-रिवाज को जारी रखते हुए भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया, लेकिन रोहित शर्मा और वसीम अकरम की मुलाकात ने सबको हैरान कर दिया.
बता दें कि भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा मौजूदा टी20 विश्व कप के एंबेसडर हैं. हिटमैन भारत-पाकिस्तान का मुकाबला देखने के लिए कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम पहुंचे थे. वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम भी मैच देखने के लिए पहुंचे थे. मैच से पहले रोहित शर्मा और वसीम अकरम की मुलाकात हुई. दोनों ने एक दूसरे को गले भी लगाया.
