प्रयागराज:उत्तर पुस्तिकाओं में धनराशि मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई, माध्यमिक शिक्षा परिषद का सख्त निर्देश

प्रयागराज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 फरवरी 2026 माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी पत्र में सभी जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और मानक अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बोर्ड परीक्षाएँ 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। परिषद ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन और मूल्यांकन के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उत्तर पुस्तिकाओं में धनराशि रखने पर सख्ती

पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में कुछ मामलों में परीक्षार्थियों द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं के भीतर मुद्रा (धनराशि) रखे जाने की घटनाएँ सामने आई हैं। परिषद ने इसे परीक्षा अनुशासन के विरुद्ध गंभीर कृत्य बताया है।

निर्देशों के अनुसार—

परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को पूर्व में ही स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए कि उत्तर पुस्तिका में किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री या धनराशि रखना अनुशासनहीनता है। कक्ष निरीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यदि संकलन या मूल्यांकन के दौरान किसी उत्तर पुस्तिका में धनराशि प्राप्त होती है तो उसे नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाएगा।

संबंधित घटना की सूचना तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक को दी जाएगी। ऐसे मामलों में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कक्ष निरीक्षकों पर भी जिम्मेदारी

परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सचिव ने निर्देशित किया है कि सभी केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा का वातावरण भयमुक्त रहे और परीक्षार्थी केवल अपनी योग्यता एवं परिश्रम के आधार पर परीक्षा दें।

परिषद ने सभी अधिकारियों से निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि बोर्ड की विश्वसनीयता और मूल्यांकन की निष्पक्षता बनी रहे।