टी20 विश्वकप 2026 में गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ हार्दिक पांडया ने 109 मीटर और शिवम दुबे ने 107 मीटर का छक्का लगाया, जो उन्हें टी20 विश्वकप इतिहास के सबसे लंबे छक्के लगाने वालों की लिस्ट में शीर्ष पांच में ले गया। हार्दिक और दुबे ने एक ही ओवर में ऐसा किया। नामीबिया के खिलाफ भारतीय पारी के दौरान 15वें ओवर में बर्नार्ड स्कोल्ज की गेंद पर दोनों ने ऐसा किया। ओवर की पहली गेंद पर दुबे ने मिड विकेट पर 107 मीटर का छक्का लगाया। इसके बाद ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक ने 109 मीटर का छक्का लगाया।
टी20 विश्वकप के इतिहास में सबसे लंबा छक्का लगाने का रिकॉर्ड आज भी युवराज सिंह के नाम दर्ज है। उन्होंने 2007 में टी20 विश्वकप के पहले संस्करण में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 119 मीटर लंबा छक्का जड़ा था। इतने वर्षों बाद भी तकनीक, फिटनेस और बैट में बदलाव आए, लेकिन यह आंकड़ा अब तक कोई पार नहीं कर पाया है। दूसरे स्थान पर 112 मीटर के छक्के के साथ इंग्लैंड के लियम लिविंगस्टोन और तीसरे स्थान पर 111 मीटर के छक्के के साथ वेस्टइंडीज के पूर्व स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल हैं। लिविंगस्टोन ने 2021 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और रसेल ने 2021 विश्वकप में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा किया था।
इसके बाद 109 मीटर के छक्के के साथ हार्दिक और यूएई के जुनैद सिद्दिकी संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। वहीं, 107 मीटर के छक्के के साथ वेस्टइंडीज के रोवमन पॉवेल और दुबे संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, 106 मीटर के छक्के के साथ पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद, वेस्टइंडीज के ओडियन स्मिथ और इंग्लैंड के फिल सॉल्ट संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं।
