‘बॉर्डर 2’ का कहर जारी, 14वें दिन भी कर रही ताबड़तोड़ कलेक्शन

सनी देओल की देशभक्ति से भरी ब्लॉकबस्टर, बॉर्डर 2 अब दूसरे हफ़्ता भी पूरा कर चुकी है. अनुराग सिंह के डायरेक्शन में बनी और सनी देओल के साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ स्टारर ये फिल्म भारत में नेट कलेक्शन में धीरे-धीरे ऐतिहासिक 300 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है. दिलचस्प बात ये है कि वीक डेज में कलेक्शन में आम गिरावट और नई फ़िल्मों के रिलीज होने के बावजूद, इसने ज़बरदस्त टिकाऊपन दिखाया है, खासकर मास सेंटर्स और उत्तरी सर्किट में. चलिए यहां ‘बॉर्डर 2’ के दूसरे गुरुवार यानी 14 वें दिन के कलेक्शन और ऑक्यूपेंसी के बारे में सब कुछ जानते हैं.

ट्रेड आंकड़े देने वाली वेबसाइट सैकनिक (Sacnilk) के मुताबिक दूसरे गुरुवार को यानी रिलीज के 14वें दिन इस फिल्म ने दोपहर 1 बजे तक 0.31 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. बता दें कि रात 10.30 बजे के बाद ही फाइनल आंकड़े आएंगे तब तक इसकी कमाई में काफी उछाल देखने को मिल सकता है. ‘बॉर्डर 2’ की दूसरे गुरुवार, 5 फरवरी 2026 की मॉर्निंग ऑक्यूपेंसी 5.03 फीसदी दर्ज की जा रही है. ये बुधवार की तुलना में मामूली ही कम ऑक्यूपेंसी है. वहीं मेकर्स द्वारा जारी किए गए फिल्म की कमाई के आंकड़े के मुताबिक इसने रिलीज के 13दिनों में 319 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है.