T20 WC: विश्व कप के लिए मैच अधिकारियों के नाम घोषित

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज के लिए शुक्रवार को मैच अधिकारियों के पैनल की घोषणा कर दी। इस सूची में जहां भारत के चार अनुभवी अंपायर्स को मौका मिला है। वहीं, बांग्लादेश के दो अंपायर्स शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और गाजी सोहेल को भी शामिल किया गया है। यह घोषणा ऐसे समय पर आई है, जब विश्व कप से ठीक पहले बांग्लादेश ने टूर्नामेंट के बहिष्कार का एलान कर दिया है। आईसीसी की यह नियुक्ति यह संकेत भी देती है कि बोर्ड अनुभव और प्रदर्शन को प्राथमिकता दे रहा है, न कि हालिया विवादों को। शरफुद्दौला इब्ने शाहिद पहले भी कई बड़े आईसीसी टूर्नामेंट्स में अंपायरिंग कर चुके हैं, जबकि गाजी सोहेल को एलीट और इंटरनेशनल पैनल में लगातार मौके मिलते रहे हैं। आईसीसी के मुताबिक, चयन पूरी तरह से अंपायर्स के ट्रैक रिकॉर्ड, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और प्रोफेशनल स्टैंडर्ड्स के आधार पर किया गया है।

भारतीय अंपायर्स की बात करें तो इस बार पैनल में चार भारतीय नाम शामिल हैं। जवागल श्रीनाथ (मैच रेफरी), जयरामन मदनगोपाल, नितिन मेनन और केएनए पद्मनाभन। नितिन मेनन हाल के वर्षों में आईसीसी के सबसे भरोसेमंद अंपायर्स में गिने जाते हैं और बड़े मुकाबलों में उनकी मौजूदगी भारत के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

टी20 विश्व कप 2026 का आगाज सात फरवरी से होगा और ग्रुप स्टेज में कुल 24 ऑन-फील्ड अंपायर्स और 6 मैच रेफरी जिम्मेदारी संभालेंगे। आईसीसी ने साफ किया है कि सुपर-8 और नॉकआउट मुकाबलों के लिए अधिकारियों की घोषणा बाद में की जाएगी।