आजमगढ़। जनपद में अवैध और मानकविहीन स्वास्थ्य केंद्रों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिलरियागंज क्षेत्र में संचालित एक अवैध सोनोग्राफी सेंटर को रंगे हाथों पकड़ते हुए तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है।जानकारी के अनुसार, बिलरियागंज क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास स्थित एक सोनोग्राफी सेंटर के खिलाफ गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि यह सेंटर बिना किसी वैध लाइसेंस और पंजीकृत चिकित्सक के संचालित हो रहा है। साथ ही, यहाँ से गलत और भ्रामक रिपोर्टें जारी की जा रही थीं, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका थी।जांच में खुली पोल, संचालक फरार हो गया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान सेंटर पर हड़कंप मच गया। टीम को वहाँ न तो पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट के तहत अनिवार्य दस्तावेज मिले और न ही संचालन के लिए कोई वैध लाइसेंस। निरीक्षण के समय सेंटर का संचालक मौके से फरार पाया गया।नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर को मौके पर ही सीज कर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि:”जनपद में किसी भी अवैध, अपंजीकृत या गैर-मानक स्वास्थ्य संस्थान को पनपने नहीं दिया जाएगा। आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और पकड़े जाने पर कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित सेंटर के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आजमगढ़: बिलरियागंज में अवैध सोनोग्राफी सेंटर सीज, बिना लाइसेंस और डॉक्टर के हो रहा था संचालन
