शुभमन गिल से फिर नहीं बने रन, वनडे मैच में बुरी तरह फ्लॉप

शुभमन गिल का बल्ला फिर से रनों का अंबार लगाने में नाकाम रहा है. लगातार खराब फॉर्म से जूझने के कारण गिल का टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में भी चयन नहीं हुआ है. वहीं कुछ दिन बाद भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज शुरू होने वाली है, जिसमें गिल बतौर कप्तान नजर आएंगे. मगर उससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी में उनका बल्ला खामोश रहा. दूसरी ओर दिल्ली को जीत तो मिली, लेकिन उसके कप्तान ऋषभ पंत भी फेल रहे हैं.

6 जनवरी को पंजाब और गोवा का मैच हुआ, जिसमें शुभमन गिल पंजाब के लिए विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अपना पहला मैच खेलने उतरे. गोवा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 211 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी. शुभमन गिल ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर पंजाब की पारी की शुरुआत हुई. गिल ने 12 गेंद खेलीं, लेकिन वो केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए.

गिल के पास मौका था कि वो न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले दोबारा बढ़िया लय प्राप्त कर सकें, लेकिन उन्होंने इस सुनहरे मौके को गंवा दिया है. आपको बता दें कि गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. दूसरी ओर टी20 में खराब फॉर्म की वजह से गिल भारत के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड में नहीं चुने गए हैं.