‘ये हमारे घर का पर्सनल मामला है’, धर्मेंद्र की अलग-अलग प्रेयर मीट पर बोलीं हेमा मालिनी, सनी-बॉबी संग अनबन के रूमर्स पर भी तोड़ी चुप्पी

दिग्गज फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र का पिछले साल 24 नवंबर को उनके 90वें जन्मदिन से ठीक 15 दिन पहले निधन हो गया था. सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद, वरिष्ठ अभिनेता को अक्टूबर के अंत में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहीं धर्मेंद्र के निधन के बाद, देओल फैमिली सनी और बॉबी और उनकी मां प्रकाश कौर ने 27 नवंबर को मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया था. ठीक उसी दिन हेमा मालिनी ने मुंबई स्थित अपने घर पर पूजा और भजन का आयोजन किया था. हेमा मालिनी और उनकी बेटियां, ईशा और अहाना, देओल परिवार की प्रेयर मीट में मौजूद नहीं रही थीं.

बाद में, हेमा मालिनी ने 11 दिसंबर को नई दिल्ली में धर्मेंद्र के लिए एक और प्रार्थना सभा आयोजित की. अलग-अलग प्रार्थना सभाओं के बाद धर्मेंद्र के दोनों परिवारों के आपसी संबंधों को लेकर अटकलें तेज हो गईं थी. वहीं हेमा मालिनी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस मुद्दे पर खुलकर बात की.

हेमा मालिनी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू के दौरान धर्मेंद्र की अलग अलग प्रेयर मीट आयोजित करने को लेकर कहा, “ये हमारे घर का पर्सनल मामला है. हमने आपस में बात की. मैंने अपने घर पर एक प्रार्थना सभा रखी क्योंकि मेरे सहयोगी अलग-अलग लोग हैं. फिर, मैंने दिल्ली में एक प्रार्थना सभा रखी क्योंकि मैं राजनीति में हूं, और मेरे लिए यह ज़रूरी था कि मैं वहां अपने राजनीतिक क्षेत्र के मित्रों के लिए प्रार्थना सभा रखूं. मथुरा मेरा निर्वाचन क्षेत्र है, और और वहां के लोग उनके दीवाने हैं, इसलिए मैंने वहां भी प्रार्थना सभा आयोजित की. मैं अपने किए से खुश हूं,”

देओल परिवार की प्रार्थना सभा में सलमान खान, रेखा, विद्या बालन, ऐश्वर्या राय बच्चन और कई अन्य हस्तियां मौजूद थीं, दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित प्रार्थना सभा में अमित शाह, निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू, ओम बिरला, कंगना रनौत, रणजीत, अनिल शर्मा और अन्य राजनेता एवं फिल्म जगत की हस्तियां शामिल हुईं थीं.