आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया था. टीम के कप्तान संजू सैमसन को ट्रेड कर चेन्नई सुपर किंग्स में भेज दिया था. इस ट्रेड के बदले राजस्थान ने अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और इंग्लैंड के सैम करन को अपनी टीम में शामिल किया. संजू के जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कौन संभालेगा?
संजू सैमसन की कप्तानी में राजस्थान ने 2025 सीजन खेला था. उस दौरान रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया था. संजू के अनफिट रहने पर कुछ मुकाबलों में रियान पराग ने टीम की कमान भी संभाली थी. ऐसे में वह कप्तानी की रेस में एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स ने हाल ही में सोशल मीडिया पर रविंद्र जडेजा की एक फोटो शेयर की है. इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया , “जल्द ही थालापथी.” तमिल भाषा में “थालापथी” का मतलब होता है लीडर या कमांडर. इस एक लाइन ने फैंस के बीच चर्चा तेज कर दी है कि क्या जडेजा को ही टीम की नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से अभी कप्तानी को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
