बांग्लादेश में जो हो रहा वो गलत…’, हरभजन सिंह ने विवाद पर दिया बड़ा बयान

मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. बांग्लादेश बुरी तरह बौखलाया हुआ है, जिसने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत भेजने से मना कर दिया है. इस विवाद पर भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. बांग्लादेश के मैच भारत में होंगे या बाहर शिफ्ट किए जाएंगे, यह फैसला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को करना है, लेकिन पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने बांग्लादेश पर कटाक्ष करते हुए तीखा बयान दिया है.

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार हरभजन सिंह ने कहा, “पिछले दिनों घटी घटनाओं के कारण बांग्लादेश की टीम, भारत नहीं आना चाहती है. जो भी बांग्लादेश में हो रहा है, वो गलत है. ICC को उनकी मांग पर फैसला लेना चाहिए. हम भारत में सबका स्वागत करते हैं, लेकिन वो यहां आना चाहते हैं या नहीं, यह उनका फैसला होगा.”

इस पूरे विवाद के तार क्रिकेट से जुड़े हैं. दरअसल IPL 2026 ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. इसी बीच बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर जुल्म की घटनाएं बढ़ी हैं. इस कारण नीलामी में मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने के चलते KKR की जमकर आलोचना हुई और उसके लिए ‘एंटी नेशनल’ जैसे शब्द भी कहे गए.

अंततः BCCI ने निर्देश जारी किया कि KKR रहमान को रिलीज कर दे. कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रैंचाइजी ने ऐसा ही किया. उसके बाद बांग्लादेश सरकार के आदेश पर BCB (बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड) ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत भेजने से इनकार किया है.

मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज किए जाने पर BCCI के सचिव देवजीत सैकिया भी प्रतिक्रिया दे चुके हैं. उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर KKR को रिप्लेसमेंट उपलब्ध करवाया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि हाल की घटनाओं के चलते रहमान को रिलीज करने का निर्णय लिया गया है.