ओल्ड एज होम को हर महीने दान देते हैं अभिनेता प्रभास

प्रभास की अगली फिल्म ‘द राजा साब ‘ 9 जनवरी 2026 को संक्रांति के मौके पर रिलीज होने वाली है. फिल्म रिलीज से पहले इसके ट्रेलर ने दर्शकों के बीच गजब का माहौल बना दिया है. इन्हीं सब के बीच साउथ टीवी एंकर सुमा कनकलता ने एक्टर के बारे में एक दिल छूने वाला खुलासा किया है. इसके साथ ही सुमा ने उनका नाम लेते हुए उनकी दरियादिली की तारीफ की और बताया कि कैसे टॉलीवुड के इस सुपरस्टार ने खम्मम में एक ओल्ड-एज होम के निर्माण में मदद की थी.

सुमा कनकलता ने हाल ही में प्रभास की दरियादिली का एक दिलचस्प पहलू शेयर किया. उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले, उन्होंने खम्मम में एक ओल्ड-एज होम बनाने के लिए पवन कल्याण और प्रभास जैसे बड़े सितारों से मदद ली थी. हालांकि, सुमा ने जो खास बात बताई, वह ये थी कि प्रभास ने न सिर्फ उस प्रोजेक्ट को शुरू करने में मदद की बल्कि अब भी वो हर महीने उस ओल्ड-एज होम के रख-रखाव के लिए दान करते हैं.

सुमा ने कहा- ‘प्रभास की बात अलग है. वो सिर्फ एक बार मदद नहीं करते बल्कि लगातार हर महीने बुजुर्गों के लिए दान भेजते हैं और उनकी महीने की फीस भी वो खुद देते हैं. ये उनका ऐसा योगदान है, जो बहुत कम लोग करते हैं.’

फोर्ब्स इंडिया 2025 के अनुसार प्रभास की टोटल नेटवर्थ 241 करोड़ रुपये है. हालांकि उनकी फीस में हाल ही में एक बड़ा बदलाव देखा गया जो आपको थोड़ा हैरानी में डाल सकता है. सियासत की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास ने अपनी आने वाली फिल्म ‘द राजा साब ‘ के लिए अपनी फीस में 50 करोड़ रुपये की कटौती की है. इस फिल्म के लिए उन्हें 100 करोड़ रुपये की फीस मिली है.

सबसे मजेदारा बात ये है कि प्रभास ने फिल्म ‘बाहुबली’ के लिए महज 25 करोड़ रुपये की फीस ली थी. हालांकि इसके बाद उन्होंने अपनी फीस बढ़ाकर 150 करोड़ कर दी थी. आमतौर पर वो एक फिल्म के लिए करीब 150 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. लेकिन ‘कल्की 2898 एडी’ जैसी फिल्म के लिए उन्होंने 100 करोड़ रुपये चार्ज किए थे.