पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने कोहली की वापसी की इच्छा व्यक्त की है। सिद्धू ने कहा कि कोहली की वापसी पूरे देश को खुशी देगी। सिद्धू ने कोहली की बेजोड़ फिटनेस और दमदार व्यक्तित्व की सराहना की। कोहली ने 12 मई 2025 को आधिकारिक तौर पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। कोहली के इस फैसले से सभी प्रशंसक हैरान रह गए थे। इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से सिद्धू ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में कोहली की उपस्थिति पूरे देश का मनोबल बढ़ाती थी और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 37 वर्षीय कोहली की शारीरिक क्षमता अभी भी उत्कृष्ट है जो उनसे काफी कम उम्र के खिलाड़ी के बराबर है।
सिद्धू ने लिखा, ‘अगर भगवान मुझे एक वरदान देते तो मैं कहता कि कोहली को संन्यास से वापस लाकर टेस्ट क्रिकेट खिलाएं। इस देश के लिए इससे ज्यादा खुशी और उत्साह की बात और क्या हो सकती है! उनकी फिटनेस 20 साल के लड़के जैसी है, वे खुद 24 कैरेट सोने के समान हैं।’ कोहली टेस्ट से पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय को भी अलविदा कह चुके हैं और वह अब भारत के लिए सिर्फ वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं।
दो प्रारूप से संन्यास लेने के बावजूद कोहली के वनडे फॉर्म में गिरावट के कोई संकेत नहीं दिखे हैं। मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया में शुरुआती दो मैच में उनका बल्ला खामोश रहा। अंतरराष्ट्रीय करियर में ऐसा पहली बार हुआ जब कोहली लगातार दो मैचों में खाता नहीं खोल सके थे। हालांकि, इसके बाद कोहली ने जोरदार वापसी की। सिडनी में कोहली ने नाबाद 74 रन बनाए और रोहित शर्मा के शानदार शतक के साथ भारत ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया था।
