फर्रुखाबाद:अटल जन्म शताब्दी वर्ष: जनपद भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया अटल जी का जन्मदिवस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 दिसम्बर 2025 पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज बृहस्पतिवार को जनपद भर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे जनपद के 1400 से अधिक बूथों पर अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

भाजपा जिला मुख्यालय पर सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेई जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा मिठाई वितरण किया।

ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में हुआ कार्यक्रम

फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, सुनील रावत, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सभी ने एक साथ सुना। कार्यक्रम के दौरान अटल जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

सांसद मुकेश राजपूत का संबोधन

लाइव संबोधन कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई एक युगपुरुष थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में बेदाग छवि के साथ जनसेवा और राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखा। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा। एक महान कवि और कुशल राजनेता के रूप में उन्होंने न केवल भारत बल्कि विश्व स्तर पर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कही ये बात

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्म शताब्दी वर्ष पूरे जनपद में उत्साह और उमंग के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का जो संदेश देश को दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। अटल जी अपने सिद्धांतों और मूल्यों पर अडिग रहे और विपक्ष में भी समान रूप से लोकप्रिय रहे। उनके विचार और कार्य आज भी सभी को प्रेरणा देते हैं।

ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर उद्योगपति सत्यप्रकाश अग्रवाल, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौड़, आर्थिक प्रकोष्ठ जिला संयोजक जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मीरा सिंह, ममता सक्सेना, चित्रा अग्निहोत्री, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी, जिला मंत्री गोपाल राठौड़, जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, डॉ. उदय प्रताप सिंह उर्फ अभिषेक, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री डॉ. धर्मेंद्र राजपूत, पूर्व सभासद आदेश गुप्ता, अभय सिंह कठेरिया, सरस्वती वर्मा, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, सोशल मीडिया संयोजक अभिषेक बाजपेई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।