भारत-साउथ अफ्रीका मैच रद्द होने के बाद क्या डूब जाएंगे दर्शकों के पैसे?

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा T20 इंटरनेशनल मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया. घने कोहरे और धुंध की वजह से भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में हालात इतने खराब थे कि टॉस तक नहीं हो सका. करीब तीन घंटे तक इंतजार किया गया, लेकिन जब मौसम में सुधार नहीं हुआ तो अंपायर्स ने मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया. इसके बाद स्टेडियम में पहुंचे हजारों दर्शक निराशा लिए वापस लौट गए. मैच रद्द होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि टिकट खरीदकर स्टेडियम पहुंचे फैंस के पैसे का क्या होगा. क्या उनका पैसा वापस मिलेगा या फिर पूरी रकम बर्बाद हो जाएगी? इस सवाल का जवाब BCCI के तय नियमों में साफ तौर पर मौजूद है.BCCI के मुताबिक, अगर कोई इंटरनेशनल या घरेलू मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो जाता है, तो ऐसे में दर्शकों को टिकट की कीमत वापस मिलती है. हालांकि, टिकट बुकिंग के दौरान लगने वाली सर्विस या कंवीनियंस फीस काट ली जाती है. इसके बाद बची हुई पूरी राशि फैंस को लौटा दी जाती है.

वहीं दूसरा नियम इससे अलग है. अगर मैच शुरू हो चुका हो और एक या उससे ज्यादा गेंद फेंकी जा चुकी हों, लेकिन बाद में मौसम या किसी अन्य वजह से मुकाबला रद्द कर दिया जाए, तो उस स्थिति में टिकट के पैसे वापस नहीं किए जाते. लखनऊ में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथे T20I में टॉस तक नहीं हो सका. यानी एक भी गेंद नहीं फेंकी गई. ऐसे में BCCI का पहला नियम लागू होता है. इसका मतलब साफ है कि दर्शकों का पैसा बर्बाद नहीं हुआ है और उन्हें टिकट की राशि वापस मिलेगी.