फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 दिसम्बर 2025 को मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत थाना कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। इसके साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112, 1090, 181, 1098 आदि के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में वे बिना भय के सहायता ले सकें।
पुलिस द्वारा महिलाओं को यह भी संदेश दिया गया कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। मिशन शक्ति 5.0 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
जनपद पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित कर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
